प्रतापगढ़ दौरे में बम्बोरी गांव में ग्रामीणों से जनसंवाद कर योजनाओं की ली जानकारी
जयपुर। भजनलाल शर्मा ने गुरुवार सुबह बम्बोरी गांव का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से उनके स्वास्थ्य, पेंशन और वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के बारे में जानकारी ली। वहीं बच्चों ने जब उन्हें अपना होमवर्क दिखाया, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें दुलार करते हुए चॉकलेट्स वितरित कीं। महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने अधिकाधिक संख्या में राजीविका से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास के बिना प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी समस्याओं को पूरी तरह समझा नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि ग्राम विकास चौपाल और ग्राम विकास रथ ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो रहे हैं।
ग्राम भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बुजुर्गों से मूलभूत सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लिया। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। इसके अलावा उन्होंने लक्ष्मीनाथ जी मंदिर और चारभुजा नाथ मंदिर में भी दर्शन किए।
इस अवसर पर हेमंत मीणा, गौतम कुमार दक, सी. पी. जोशी और श्रीचंद कृपलानी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


