More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशआरपीएफ महानिदेशक ने भोपाल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर लिया जायजा

    आरपीएफ महानिदेशक ने भोपाल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर लिया जायजा

    भोपाल। उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ मेला 2028 की तैयारियों के संबंध में बुधवार को नर्मदा क्लब में सुरक्षा सम्मेलन एवं डीआरएम कार्यालय सभागृह में उच्चस्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में सिंहस्थ मेले के दौरान संभावित भारी यात्री आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा प्रभावी भीड़ प्रबंधन को लेकर रेल सुरक्षा बल की महानिदेशक श्रीमती सोनाली मिश्रा द्वारा डीआरएम श्री पंकज त्यागी की उपस्थिति में एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

    कार्यक्रम में रेल सुरक्षा बल की महानिदेशक श्रीमती सोनाली मिश्रा, महानिदेशक रेल लखनऊ, विशेष पुलिस महानिदेशक रेल भोपाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन, रेल सुरक्षा बल के पश्चिम मध्य रेल, उत्तर मध्य रेल, पूर्व रेल एवं कोंकण रेल के महानिरीक्षक, अपर मंडल रेल प्रबंधक भोपाल सहित रेलवे, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    संगोष्ठी के उपरांत महानिदेशक श्रीमती सोनाली मिश्रा द्वारा भोपाल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ मेला 2028 में संभावित भारी यात्री भीड़ के सुगम आवागमन एवं प्रभावी भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से स्टेशन परिसर में विकसित किए जा रहे होल्डिंग एरिया एवं अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    इस अवसर पर रेल सुरक्षा बल, पश्चिम मध्य रेल के बल सदस्यों का सुरक्षा सम्मेलन भी आयोजित किया गया। सम्मेलन में महानिदेशक श्रीमती सोनाली मिश्रा ने बल सदस्यों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने, आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

    सम्मेलन के दौरान उन्होंने रेल सुरक्षा बल के जवानों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना तथा बल की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए जाने हेतु उनके सुझाव प्राप्त किए। कार्यक्रम में रेलवे एवं प्रशासनिक विभागों के मध्य समन्वय एवं संयुक्त कार्ययोजना पर विशेष बल दिया गया, जिससे सिंहस्थ मेला के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here