पीएम मोदी से सम्मानित बेटियों के वैदिक श्लोकों से खाटू श्याम मंदिर में भक्त हुए मंत्रमुग्ध
कठूमर। कस्बे के खाटू श्याम मंदिर में बुधवार को वैदिक संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रसेवा को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्य समाज से जुड़े प्रख्यात विद्वान पंडित आर्य बंधु ने अपने प्रवचनों के माध्यम से वेदों के ज्ञान और सामाजिक सुधारों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वेदों की जानकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित दो बेटियों ने वैदिक श्लोकों का सस्वर पाठ किया। वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया और श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आर्य बंधु ने अपने प्रवचन में स्वामी दयानंद सरस्वती के सिद्धांतों और आर्य समाज की शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज से अंधविश्वास, अविद्या और कुरीतियों को समाप्त कर सत्य, प्रेम और न्यायपूर्ण आचरण को अपनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने निराकार, सर्वशक्तिमान और न्यायकारी ईश्वर की उपासना पर बल देते हुए वेदों को मानव जीवन का सर्वोच्च ज्ञान बताया। साथ ही समाज के शारीरिक, आध्यात्मिक और सामाजिक उत्थान को ही वास्तविक प्रगति का आधार बताया।
आर्य बंधु ने कहा कि यज्ञ-हवन के साथ वैदिक भजनों और उपदेशों के माध्यम से वैदिक विचारों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ सके।
कार्यक्रम में डॉ. ओमप्रकाश खंडेलवाल, पूर्व चेयरमेन शेर सिंह मीना, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील बजाज, पत्रकार अशोक जैन, शैलू बंसल सहित कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम श्रृंखला के तहत 8 मई की सुबह योग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


