More
    Homeराजस्थानजयपुरधनौरा गांव में प्रभारी मंत्री का जनसंवाद, ग्रामीणों से किया संवाद

    धनौरा गांव में प्रभारी मंत्री का जनसंवाद, ग्रामीणों से किया संवाद

    पैदल भ्रमण के दौरान योजनाओं की जानकारी, प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण समस्याओं पर दिए निर्देश

    जयपुर। धौलपुर जिले के ग्राम धनौरा में प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार रात आयोजित रात्रि चौपाल के बाद शुक्रवार अलसुबह गांव में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

    प्रभारी मंत्री ने गांव के बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया तथा उनके स्वास्थ्य, पेंशन और वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और चॉकलेट व बताशे भी वितरित किए।

    महिलाओं से संवाद, राजीविका से जुड़ने का आह्वान

    गांव भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने महिलाओं से भी संवाद किया और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में राजीविका से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

    गांवों के विकास को बताया जरूरी

    प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि गांवों के विकास के बिना प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक गांवों के बीच जाकर लोगों से सीधा संवाद नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी समस्याओं को पूरी तरह समझना संभव नहीं है।

    उन्होंने कहा कि ग्राम विकास चौपाल और ग्राम विकास रथ ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहे हैं।

    चाय पर चर्चा में सुनी समस्याएं

    पैदल भ्रमण के बाद प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बुजुर्गों से मूलभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर फीडबैक लिया।

    ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी. सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here