ग्राम रथ अभियान से ग्रामीणों तक पहुंच रही योजनाओं की जानकारी
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन को धरातल पर उतारने के लिए संचालित ‘ग्राम विकास रथ’ अभियान जिले के सुदूर गांवों और ढाणियों तक पहुंचकर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर रहा है। ‘जागरूक ग्रामीण, सशक्त राजस्थान’ की थीम पर आधारित यह अभियान सरकार और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।
एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित ग्राम विकास रथ गांव-गांव पहुंचकर 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचा रहे हैं। अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और युवाओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
ग्राम रथ के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बुजुर्गों के चेहरों पर विश्वास और युवाओं की आंखों में बेहतर भविष्य की उम्मीद नजर आ रही है। अभियान यह संदेश दे रहा है कि राजस्थान अब विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अभियान के तहत रथ के साथ चल रही ‘सुझाव पेटिका’ भी ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ग्रामीण ‘मेरा गांव, मेरा सुझाव’ संकल्प के साथ गांव के विकास से जुड़े सुझाव एवं समस्याएं पेटिका में डाल रहे हैं। इससे प्रशासन को स्थानीय आवश्यकताओं को समझने में मदद मिल रही है।
ग्राम विकास रथों के माध्यम से प्रचार सामग्री, पंपलेट्स एवं ब्रोशर्स भी वितरित किए जा रहे हैं, जिनमें खेती-किसानी, पशुपालन, स्वरोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जा रही है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। रथ के साथ मौजूद टीम ग्रामीणों को मौके पर ही योजनाओं से जुड़ने और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


