लखनऊ-नोएडा सीधी उड़ान: 15 जून से शुरू होगा सफर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी से नोएडा जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आगामी जून के महीने से दोनों शहरों के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे अब घंटों का सफर मात्र 60 मिनट में तय हो सकेगा। 15 जून को इस मार्ग पर विशेष उद्घाटन फ्लाइट उड़ान भरेगी, जिसके लिए इंडिगो ने अपना विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
नोएडा का बहुप्रतीक्षित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह तैयार है।
फ्लाइट का समय और शेड्यूल
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो की नोएडा के लिए सीधी फ्लाइट सुबह के समय उपलब्ध होगी, जबकि वापसी की उड़ान शाम को रखी गई है।
लखनऊ से नोएडा (6E-2278): सुबह 7:05 बजे प्रस्थान कर 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुँचेगी।
नोएडा से लखनऊ (6E-2279): शाम 6:55 बजे उड़ान भरकर रात 8:00 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
इंडिगो के सूत्रों के अनुसार, 15 जून की विशेष उड़ान के बाद यह सेवा नियमित कर दी जाएगी और इसे सप्ताह के सातों दिन संचालित करने की योजना है।
किराया और आर्थिक बचत
वर्तमान में उद्घाटन फ्लाइट का किराया ₹7697 (लखनऊ से) और ₹6556 (नोएडा से) के आसपास देखा जा रहा है। हालांकि, नियमित उड़ानों का किराया ₹5,000 से ₹7,000 के बीच रहने की उम्मीद है।
यात्रियों को मिलेंगे ये फायदे:
अतिरिक्त खर्च और भागदौड़ से मुक्ति: अभी तक नोएडा जाने के लिए यात्रियों को पहले दिल्ली हवाई अड्डे उतरना पड़ता था, जहाँ से मेट्रो या टैक्सी द्वारा नोएडा पहुँचने में अतिरिक्त ₹300 से ₹500 खर्च होते थे और समय भी बर्बाद होता था। अब सीधी फ्लाइट से यह झंझट खत्म हो जाएगा।
दिल्ली के समान होगा किराया: जेवर एयरपोर्ट के चालू होने के बाद लखनऊ से नोएडा और दिल्ली का हवाई किराया लगभग एक बराबर हो जाएगा। सामान्य दिनों में यह ₹5,000 तक रहेगा, जबकि त्योहारों के सीजन में मांग बढ़ने पर यह ₹7,000 से ₹10,000 तक जा सकता है।


