राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे बोले- प्रौद्योगिकी के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा से भी जुड़े युवा
जयपुर। हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर विज्ञान और तकनीक का उपयोग स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन के लिए किए जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक अभियांत्रिकी अनुसन्धान संस्थान “सीरी” को खाद्यान्नों में पेस्टीसाइड, केमिकल और अन्य विषाक्त तत्वों की जांच के लिए आधुनिक उपकरण विकसित करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
राज्यपाल सोमवार को जयपुर स्थित केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीरी) कार्यालय में विज्ञान भारती के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खाद्य पदार्थों में मिलावट और बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस दिशा में अनुसंधान और तकनीकी नवाचार बढ़ाने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि भारत प्राचीन काल से विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में समृद्ध रहा है। खगोल विज्ञान, गणित, धातु विज्ञान, आयुर्वेद और वास्तुकला जैसे क्षेत्रों में भारत ने विश्व को अनेक मौलिक खोजें और ज्ञान प्रदान किया है।
उन्होंने शून्य की खोज, अजंता गुफाओं में प्रयुक्त रंगों की वैज्ञानिकता तथा दूध में पानी की मिलावट की पहचान से जुड़े ‘हंसा टेस्ट’ का उल्लेख करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा की वैज्ञानिक दृष्टि को रेखांकित किया।
राज्यपाल ने नई पीढ़ी को आधुनिक तकनीक के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि विज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि केवल तकनीकी विकास पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए चरित्र निर्माण और मानवीय मूल्यों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने ‘राजस्थान विज्ञान महोत्सव 2026’ की स्मारिका का लोकार्पण किया और पोस्टर का विमोचन भी किया। उन्होंने सीरी की प्रयोगशालाओं में विकसित विभिन्न उपकरणों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विज्ञान भारती के सचिव मेघेंद्र शर्मा ने विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। वहीं सीरी के निदेशक पीसी पंचारिया ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


