अटल हिंदू शक्ति संस्था द्वारा मंगलवार को मांस-मछली की दुकानें बंद रखने की अपील
अलवर। शहर में 9 जून से “अटल हिंदू शक्ति” नामक नई संस्था की शुरुआत होने जा रही है। संस्था का उद्देश्य प्रत्येक मंगलवार को शहर में बूचड़खानों तथा मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने के लिए जनजागरण अभियान चलाना बताया गया है।
इस संबंध में बुधवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा और हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता तेज सिंह मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मंगलवार का दिन हिंदू आस्था और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा हुआ माना जाता है, इसलिए इस दिन शहर में मांस और मछली की बिक्री बंद रहनी चाहिए। इसी उद्देश्य से “अटल हिंदू शक्ति” संस्था का गठन किया गया है।
ज्ञानदेव आहूजा ने कहा कि संस्था सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लोगों से सहयोग की अपील करेगी। वहीं कार्यकर्ता तेज सिंह ने बताया कि संगठन शहरभर में जनजागरण अभियान चलाकर व्यापारियों से स्वेच्छा से मंगलवार को दुकानें बंद रखने का आग्रह करेगा।
प्रेस वार्ता में मौजूद पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद पैदा करना नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था के सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना है। संगठन की ओर से आगामी दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें और जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


