चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, पदाधिकारियों ने ली गोपनीयता की शपथ
अलवर। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ की अलवर जिला शाखा के जिला कार्यकारिणी चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति के वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी और पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न पदों के लिए नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
निर्वाचन अधिकारी मुकेश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव में प्रकाश चंद्र गुर्जर को जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इसके अलावा कैलाश चंद मीणा को जिला उपाध्यक्ष, कुलदीप सिंह नरूका को जिला मंत्री तथा आनंद कुमार जाटव को जिला कोषाध्यक्ष चुना गया।
उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन पर्यवेक्षक जगदीश दुर्गेश की निगरानी में संपन्न हुई। वहीं प्रदेश प्रतिनिधि के मनोनयन का निर्णय आगामी सभा में किया जाएगा।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और ग्राम विकास अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन हित में कार्य करने, कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाने और विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


