रायपुर : कभी बारिश की बूंदें सुकलु राम निषाद के परिवार के लिए खुशियां नहीं, बल्कि चिंता लेकर आती थीं। मिट्टी और खपरैल से बने कच्चे मकान की छत से टपकता पानी, दीवारों की सीलन और हर साल मरम्मत की परेशानी परिवार की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी थी। आज तस्वीर बदल गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले पक्के मकान ने परिवार को वर्षों की चिंता से मुक्ति देकर सुरक्षित और सुकून भरा जीवन दिया है।
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले की ग्राम पंचायत चमाराटोला निवासी श्री सुकलु राम निषाद का परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। बरसात में छत से पानी टपकने लगता तो परिवार को घर के सामान को सुरक्षित रखने की चिंता सताती। दीवारों में सीलन और खपरैल की बार-बार मरम्मत पर होने वाला खर्च भी परिवार के लिए बड़ी परेशानी था।
*पक्का मकान मिला तो बदल गई जिंदगी*
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत श्री सुकलु राम निषाद का आवास स्वीकृत हुआ और उनका वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। पक्का मकान बनकर तैयार होने के बाद अब परिवार को हर मौसम में सुरक्षित छत का भरोसा मिला है। बारिश के दिनों में न पानी टपकने की चिंता है, न दीवारों में सीलन का डर और न ही हर साल मरम्मत पर पैसे खर्च करने की मजबूरी।
श्री सुकलु राम बताते हैं कि पहले बरसात शुरू होते ही पूरे परिवार की चिंता बढ़ जाती थी। घर में पानी आने से सामान को सुरक्षित रखना मुश्किल होता था। अब पक्का घर मिलने के बाद परिवार बेफिक्र होकर रह रहा है। सुरक्षित आवास मिलने से परिवार के जीवन में सुकून के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
*सिर्फ मकान नहीं, सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव*
सुकलु राम निषाद के परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला यह घर केवल ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं है। यह वर्षों के संघर्ष से मिली राहत, परिवार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। जिस परिवार को कभी हर बारिश में अपने कच्चे घर की चिंता सताती थी, आज वही परिवार अपनी पक्की छत के नीचे सुरक्षित और खुशहाल जीवन जी रहा है।
श्री सुकलु राम निषाद ने पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजना ने उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया है। अब बारिश का मौसम चिंता नहीं, बल्कि अपने पक्के घर में सुरक्षित रहने का भरोसा लेकर आता है।


