राजस्थान में विकास नहीं, कर्ज बढ़ाने का आरोप, भाजपा सरकार को घेरा
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में जिन मुद्दों को वह लगातार उठाते रहे, अब उन पर CAG की रिपोर्ट ने भी मुहर लगा दी है।

जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों की तुलना अपने दो वर्षों के कार्यकाल से कर प्रदेश में विकास का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन ताजा आंकड़ों ने भाजपा सरकार की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान विकास के बजाय कर्ज के मामले में आगे बढ़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूंजीगत खर्च (Capital Expenditure) के मामले में राजस्थान देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल हो गया है। सरकार विकास कार्यों के लिए निर्धारित बजट का केवल 51.82 प्रतिशत ही खर्च कर सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अस्पताल, स्कूल, सड़कें और आधारभूत सुविधाएं विकसित नहीं होंगी, तो युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा।
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, लेकिन सरकार लगातार कर्ज लेने के नए रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि बजट अनुमान से 65 प्रतिशत अधिक, करीब 71,261 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया, जो प्रदेश की आर्थिक स्थिति के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों तेलंगाना और कर्नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां विकास कार्यों पर खर्च देश में शीर्ष स्तर पर है, जबकि राजस्थान की भाजपा सरकार प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेल रही है।
जूली ने मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए कहा कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनती जा रही है और प्रदेश की आर्थिक दिशा को सुधारने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

