भारतीय किसान संघ के ज्ञापन में मांग, मिट्टी-पानी जांच लैब खोलने पर जोर
कठूमर। भारतीय किसान संघ अलवर ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कृषि सुधार, जैविक खेती को बढ़ावा, गौशाला निर्माण और गौचर भूमि संरक्षण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि प्रत्येक उपखंड स्तर पर मिट्टी और पानी जांच प्रयोगशाला स्थापित की जाए, ताकि किसानों को उनकी फसल और भूमि के अनुसार सही कृषि सलाह मिल सके।
किसानों की मांग, कृषि अधिकारी नियुक्त करने की अपील
ज्ञापन में प्रत्येक उपखंड स्तर पर कृषि अधिकारी का पद सृजित कर नियुक्ति करने की भी मांग की गई। किसान संघ का कहना है कि इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान मिल सकेगा।
जैविक खेती पर जोर, किसानों को सुविधा देने की मांग
भारतीय किसान संघ ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने तथा कृषि उपज मंडियों में जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष केंद्र स्थापित करने की मांग की।
गौशाला और गौचर भूमि, संरक्षण को लेकर उठाई आवाज
संघ ने प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर कम से कम एक गौशाला बनाने और गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर चारागाह के रूप में विकसित करने की मांग रखी। साथ ही पिछले पांच वर्षों में सरकारी उपयोग में ली गई गौचर भूमि और उसके बदले आवंटित भूमि का विवरण सार्वजनिक करने की भी मांग की गई।
ट्रस्ट भूमि का मुद्दा, गौशाला खोलने की मांग
ज्ञापन में कठूमर स्थित श्रीराधा कृष्ण धर्मार्थ ट्रस्ट की करीब 20 बीघा भूमि का भी मुद्दा उठाया गया। किसान संघ ने मांग की कि इस भूमि पर गौशाला खोलने का रास्ता प्रशस्त किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला बीज प्रमुख विजयपाल सिंह, तहसील अध्यक्ष गिर्राज सिंह, गिरधर सिंह फौजी भरीथल, जिला अध्यक्ष पदम सिंह डागुर, उदय सिंह चौधरी सहित कई किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


