वंदे गंगा अभियान के तहत कार्यक्रम, जल संरक्षण और स्वच्छता गतिविधियां आयोजित होंगी
अलवर। जिले में 25 मई से 5 जून 2026 तक ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण एवं स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अभियान के सफल संचालन के लिए अधिकारियों की नियुक्ति भी की है।
अभियान के तहत अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर के पर्यवेक्षण में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता को सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं उपखंड स्तर पर संबंधित एसडीएम और विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान का शुभारंभ, जल संरक्षण गतिविधियों पर रहेगा फोकस
जिला कलक्टर ने बताया कि 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्रों में अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान जल स्रोतों, तालाबों और नदियों पर स्वच्छता अभियान, श्रमदान और दीप प्रज्ज्वलन जैसे कार्यक्रम होंगे।
जल संसाधन विभाग द्वारा नदी, बांध, नहर और सरोवरों पर पूजन, सफाई और ‘कैच द रेन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग प्रभात फेरी निकालेगा, जबकि राजीविका द्वारा कलश यात्रा, पीपल पूजन और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
विभागीय कार्यक्रम, स्वच्छता और पौधारोपण गतिविधियां
अभियान के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक, जल संरक्षण संरचनाओं का शिलान्यास और हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण की तैयारियां की जाएंगी।
इसके अलावा पशुपालन, जलदाय, उद्योग, कृषि, उद्यान, खेल, शिक्षा और स्वायत शासन विभाग भी विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करेंगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर जल बचत और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
पर्यावरण दिवस पर समापन, उत्कृष्ट कार्यों का होगा सम्मान
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर अभियान का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भामाशाहों, संस्थाओं, पंचायतों, नगर निकायों और जल योद्धाओं को ‘जल गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक संध्या और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


