More
    Homeराजस्थानअलवरवीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला कलक्टर ने की संबल पखवाड़ा व...

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला कलक्टर ने की संबल पखवाड़ा व राजस्व कार्यों की समीक्षा


    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त उपखंड अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व संबंधित कार्यों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा की रूपरेखा तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

    राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करें: जिला कलक्टर

    बैठक के दौरान डॉ. शुक्ला ने निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों जैसे पत्थरगढ़ी, सीमाज्ञान, रास्तों के विवाद, आपसी सहमति से विभाजन, नामांतरण, व रिवेन्यू रिकॉर्ड शुद्धिकरण आदि की उपखंडवार समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। साथ ही, बजट घोषणाओं के तहत भूमि आवंटन की वस्तुस्थिति की त्वरित समीक्षा कर प्रस्ताव समय पर भेजे जाएं।

    अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविरों में राजस्व सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर

    जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 24 जून से 9 जुलाई तक चलने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के दौरान प्रत्येक पटवार मंडल में कम से कम 25 जमाबंदी व म्यूटेशन के प्रकरण और 5 आपसी सहमति से विभाजन के प्रकरणों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, एनएफएसए योजना के तहत लंबित मामलों का निस्तारण कर नवीन पात्र परिवारों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएं।

    उन्होंने कहा कि शिविरों को जनहितकारी योजनाओं से जोड़ते हुए अधिकतम लाभार्थियों को शामिल किया जाए।

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: “वन अर्थ, वन हेल्थ” थीम पर होंगे आयोजन

    डॉ. शुक्ला ने 21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिसमें अधिकाधिक आमजन की सहभागिता हो। कार्यक्रम की थीम “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” को जन-जन तक पहुँचाने हेतु प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देने के निर्देश भी दिए गए।

    बैठक में वरिष्ठ अधिकारी भी रहे शामिल

    वीसी में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम मुकेश कायथवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय योगेश डागुर, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर बीना महावर, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, प्रशिक्षु आईएएस ऐश्वर्यम प्रजापति, आयुर्वेद विभाग उपनिदेशक करण सिंह दहियातहसीलदार रश्मि शर्मा सहित सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार जुड़े।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here