अखैपुरा क्षेत्र में धारदार हथियार से घायल हुई महिला, अस्पताल में उपचार के बीच तोड़ा दम
अलवर। शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 35 वर्षीय महिला ने कथित रूप से खुद को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और घायल महिला को तुरंत राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय, अलवर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है। परिजन दिलीप ने बताया कि देर रात अचानक सीमा ने धारदार हथियार से अपने पेट पर वार कर लिया। घटना के बाद परिवार के लोग घबरा गए और बिना देर किए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलने के बाद अखैपुरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं आसपास के क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


