रक्तदान शिविर में 35 यूनिट रक्त संग्रहित, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया सहभाग
कठूमर। सोच बदलो गांव बदलो टीम एवं अर्चना फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रंजीत मीना के जन्मदिन के अवसर पर गर्ग हॉस्पिटल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 35 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर के मुख्य अतिथि यातायात प्रभारी संजय शर्मा रहे। इस दौरान समाजसेवी दौलत राम हजरती, धर्मेंद्र अदलखा, डॉ. मिथलेश गर्ग, डॉ. विजेंद्र गर्ग, प्रदूषण नियंत्रण वैज्ञानिक डीपीएस, पूर्व नर्सिंग एसोसिएशन के राजपाल यादव, देवकीनंदन मीना तथा एसडीओ सुखराम मीना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शिविर की खास बात यह रही कि 15 युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया। वहीं 7 महिलाओं ने भी रक्तदान कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया। रक्तदान करने वालों में मोनिका यादव, रचना चौधरी, तानिया, रानी शर्मा और कृष्णा प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
शिविर संयोजक ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि अर्चना फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह 142वां रक्तदान शिविर था। संस्था लगातार रक्तदान, नेत्र जांच शिविर और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
शिविर के सफल आयोजन पर सभी रक्तदाताओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


