30 और 31 मई को रैली, श्रमदान, जल चौपाल व पौधारोपण जैसे कार्यक्रम होंगे आयोजित
अलवर। जिले में वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित वंदे गंगा ‘जल संरक्षण-जन अभियान’ के तहत 30 और 31 मई को जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण से जुड़ी अनेक गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि 30 मई को जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.1 एवं 2.2 के तहत पूर्ण कार्यों का अवलोकन और लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही नए कार्यों की स्वीकृति एवं शुरुआत भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान औरण एवं चारागाहों का चिन्हीकरण, पौधारोपण एवं घास बुआई कार्यों की तैयारी, बीज बैंकों में गतिविधियां तथा चयनित ग्राम पंचायतों में जल चौपाल का आयोजन किया जाएगा। देवस्थान विभाग की ओर से प्रमुख मंदिरों में विशेष आरती भी आयोजित होगी।
इसी प्रकार 31 मई को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर पंचायती राज विभाग, खेल विभाग एवं नेहरू युवा केंद्र की ओर से ग्राम पंचायत स्तर पर वंदे गंगा प्रभात फेरी, जागरूकता रैली और साइकिल रैली निकाली जाएगी।
पुलिस, सेना एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा श्रमदान कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण गतिविधियों में सहयोग दिया जाएगा। वहीं स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से जल संरचनाओं की साफ-सफाई एवं वंदे गंगा जल सेवा से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जल स्रोतों की साफ-सफाई, मरम्मत, दीप प्रज्ज्वलन, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई तथा नो प्लास्टिक डे जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम और नगर पालिकाओं की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालों एवं प्रमुख चौराहों पर वंदे गंगा जल सेवा कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

