भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा स्पेशल रेलसेवा का होगा संचालन
राजगढ़। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने जयपुर-रेवाडी-जयपुर परीक्षा स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेलसेवा 31 मई से 4 जून 2026 तक निर्धारित तिथियों में संचालित की जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09727 जयपुर-रेवाडी परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 31 मई 2026 से 3 जून 2026 तक कुल 4 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन जयपुर से शाम 7:10 बजे रवाना होकर मध्यरात्रि 12:50 बजे रेवाडी पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09728 रेवाडी-जयपुर परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 1 जून 2026 से 4 जून 2026 तक कुल 4 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन रेवाडी से रात्रि 1:30 बजे रवाना होकर सुबह 7:00 बजे जयपुर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष रेलसेवा मार्ग में गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़, मालाखेड़ा, अलवर एवं खैरथल रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे इन क्षेत्रों के परीक्षार्थियों को भी सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे ने बताया कि इस परीक्षा स्पेशल रेलसेवा में कुल 12 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 10 साधारण श्रेणी के कोच एवं 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर स्टेशन पहुंचने एवं यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

