जल संरक्षण जन अभियान में प्रभात फेरी, साइकिल रैली और श्रमदान होंगे आकर्षण
अलवर। जिले में वर्षा जल को सहेजकर भूजल स्तर बढ़ाने तथा जल संचयन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत 31 मई को जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर पंचायती राज विभाग, खेल विभाग एवं नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से ग्राम पंचायत स्तर पर वंदे गंगा प्रभात फेरी, जागरूकता रैलियां तथा साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण के महत्व से जोड़ना और वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि पुलिस, सेना एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा वंदे गंगा जल सेवा में सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं स्वयंसेवी संस्थाएं जल संरचनाओं की साफ-सफाई, श्रमदान और जल संरक्षण संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों में योगदान देंगी।
स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, दीप प्रज्ज्वलन, प्लास्टिक कचरे के उचित निष्पादन तथा ‘नो प्लास्टिक डे’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम एवं नगर पालिकाओं द्वारा भी प्रभात फेरियां और जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी।
अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालों और प्रमुख चौराहों पर वंदे गंगा जल सेवा का आयोजन किया जाएगा, जहां आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा और जल संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


