श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण, श्रद्धालुओं से सहभागिता का आह्वान
अलवर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर राजस्थान पुजारी महासंघ द्वारा 6 जून को मनु मार्ग स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को हजूरी गेट स्थित श्री नरसिंह हनुमान मंदिर (बुर्ज वाले) में महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
राजस्थान पुजारी महासंघ के पंडित विवेकानन्द शर्मा ने बताया कि बैठक संघ के अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र पंडित के सानिध्य में संपन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जून को प्रातः 9:30 बजे से पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी। कार्यक्रम के अंतर्गत विष्णु सहस्त्रनाम पाठ, विष्णु सहस्त्रनाम अर्चना, तुलसी अर्चना तथा श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर 31 जोड़े सामूहिक अर्चना में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित करेंगे।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे भगवान की महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में मोनू शर्मा, महेश चंद शर्मा, लोकेश शर्मा, दिनेश शर्मा, बृज बिहारी, राजू शर्मा, रघुवीर स्वामी, कैलाश शर्मा, रमाकांत शर्मा, अनिल शर्मा, परशुराम शर्मा एवं प्रचार मंत्री विवेकानन्द शर्मा गुरु पंडित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजस्थान पुजारी महासंघ ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ एवं पुण्य अर्जित करने का आह्वान किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


