जल संरक्षण के लिए जिला प्रशासन करेगा नवाचार कार्यक्रम, ट्रांसफार्मरों के आसपास होगी सफाई
अलवर। वर्षा जल के संरक्षण, भूजल स्तर में वृद्धि तथा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत 3 जून को विभिन्न विभागों द्वारा अनेक जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिलेभर में जल संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य जल बचत, वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा चयनित स्थानों पर विशेष नवाचार एवं अभिनव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से जल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रमों में स्थानीय समुदाय, स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भागीदारी निभाएंगे।
अभियान के तहत ऊर्जा विभाग द्वारा भी विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्युत ट्रांसफार्मरों के आसपास साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान से जुड़कर वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

