‘आओ पेड़ लगाएं लोकाभियान’ गोष्ठी में युवाओं और ग्रामीणों को दिया हरित भविष्य का संदेश
अलवर। आओ पेड़ लगाएं लोकाभियान के संदर्भ में आयोजित एक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपआयुक्त, राज्य कर विभाग अलवर अखिलेश कुमार ने कहा कि “कुटीर हरित कोष अभियान” ग्रामीण आर्थिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने राजर्षि ग्राम रावण देवराम में ग्रामीणों और युवाओं को संबोधित करते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ आयुर्वेद अधिकारी पवन सिंह शेखावत ने ग्रामीणों को औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेदिक सिद्धांतों को अपनाने के साथ-साथ औषधीय पौधों का रोपण भी आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि एवं सरस डेयरी के प्रबंधक राकेश विजय ने डेयरी उद्योग के माध्यम से भूमिहीन ग्रामीणों के आर्थिक विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पर्यावरणविद् एवं सलाहकार प्रो. एम.पी.एस. चंद्रावत ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की। पर्यावरण चेतना शिविर में तोताराम, नेहरू युवा केंद्र भारत सरकार, अमन भारती विकास संस्थान के अध्यक्ष सैय्यद इस्लामुद्दीन, दिशा फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं अभियंता नवीन जायसवाल तथा ग्राम विकास समिति के सचिव बाबूलाल पोषवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता कर अभियान को समर्थन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ और समापन डॉ. रामानंद यादव एवं पूर्व अधीक्षक अभियंता गुलाब चंद वर्मा के प्रेरणादायक गीत “हम लोग हैं ऐसे दीवाने, दुनिया को बदलकर मानेंगे…” के साथ हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


