उमरैण गांव में तेज हवा के चलते हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम
अलवर। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के उमरैण गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत में काम कर रही महिला की दीवार गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी (37) निवासी उमरैण के रूप में हुई है। मृतका के देवर छोटेलाल ने बताया कि लक्ष्मी देवी मंगलवार को अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी और खेत के पास बनी एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
दीवार की चपेट में आने से हुई गंभीर घायल
दीवार गिरने से लक्ष्मी देवी उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
हालांकि सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
लक्ष्मी देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि वह अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार लक्ष्मी देवी मेहनती और मिलनसार स्वभाव की महिला थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
पुलिस ने करवाया पोस्टमार्टम
सूचना मिलने पर अकबरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


