वर्षों से लंबित पट्टे जारी करने की मांग, परिवहन नगर विकास समिति ने लगाया देरी का आरोप
अलवर। परिवहन नगर और सूर्य नगर क्षेत्र में पट्टे जारी नहीं होने को लेकर कॉलोनीवासियों में रोष व्याप्त है। जन कल्याण परिवहन नगर विकास समिति ने आरोप लगाया है कि वर्षों पुरानी बसी हुई कॉलोनी होने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद नगर विकास न्यास (यूआईटी) की ओर से शेष आवंटियों को पट्टे जारी नहीं किए जा रहे हैं।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि करीब 25 वर्ष पुरानी इस कॉलोनी में लगभग 90 प्रतिशत भूखंडों के पट्टे पहले ही जारी किए जा चुके हैं तथा क्षेत्र में सीवरेज, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद शेष आवंटियों को अब तक पट्टे नहीं मिल पाए हैं।
समिति ने बताया कि पट्टे नहीं मिलने के कारण अनेक परिवार अपने मकानों की खरीद-फरोख्त, बैंक ऋण प्राप्त करने और उत्तराधिकार से जुड़े आवश्यक कार्य नहीं करा पा रहे हैं। उनका आरोप है कि निर्धारित शुल्क जमा कराने और विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद मामलों का निस्तारण लंबित रखा जा रहा है।
जन कल्याण परिवहन नगर विकास समिति ने प्रशासन से मांग की है कि शेष पात्र आवंटियों के पट्टे शीघ्र जारी किए जाएं तथा पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाए। समिति ने यह भी आग्रह किया कि पट्टा वितरण से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब समाप्त कर प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की जाए।
समिति का कहना है कि जनहित को देखते हुए इस लंबे समय से लंबित समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है, ताकि सैकड़ों परिवारों को कानूनी और प्रशासनिक सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

