सेवा शिविर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, प्रमाण पत्र पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मंगलवार को नगर निगम परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का निरीक्षण कर आमजन की परिवेदनाओं को सुना और अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आवासीय पट्टे, प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज भी वितरित किए।
राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित ये शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण सेवा शिविर अंत्योदय की भावना को साकार करने के साथ प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहे हैं।

सेवा शिविर में पांच घंटे तक सुनीं समस्याएं
राज्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे शिविर पहुंचे और नगर निगम की विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं अधिकारियों के साथ दोपहर बाद तक नागरिकों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर कई मामलों का त्वरित निस्तारण कराया। उनकी मौजूदगी से शिविर में पहुंचे लोगों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
लाभार्थियों को मिले पट्टे और प्रमाण पत्र
शिविर में राज्यमंत्री संजय शर्मा एवं जिला प्रभारी सचिव रवि जैन ने कई लाभार्थियों को आवासीय पट्टे एवं अन्य प्रमाण पत्र सौंपे। पट्टा प्राप्त करने वाली पार्वती देवी, बीना गर्ग और योगेश शर्मा ने बताया कि लंबे समय से पट्टा नहीं मिलने के कारण उन्हें विभिन्न कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। शिविर के माध्यम से पट्टा मिलने से उनकी समस्या का समाधान हो गया और अब भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी नहीं होगी।
दो घंटे में मिला विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र
अलवर निवासी वैभव गुप्ता एवं उनकी पत्नी मनीषा महावर ने शिविर में विवाह पंजीयन के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद मात्र दो घंटे के भीतर उन्हें विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया। दंपति ने शिविर व्यवस्था की सराहना करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एडीएम प्रथम योगेश डागुर, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


