नागरिकों की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान, विभिन्न वार्डों और ग्राम पंचायतों में होंगे शिविर
अलवर। राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 22 जून को जिले के विभिन्न नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन अपनी परिवेदनाओं का मौके पर निस्तारण करा सकेंगे तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्य भी आसानी से करवा सकेंगे।
इन वार्डों में लगेंगे शहरी सेवा शिविर
22 जून को अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 15, 16 एवं 17, नगर पालिका बड़ोदामेव (वार्ड 8), खेरली (वार्ड 6 व 7), बहादुरपुर (वार्ड 6), रामगढ़ (वार्ड 11 व 12), नौगांवा (वार्ड 6), कठूमर (वार्ड 6), थानागाजी (वार्ड 6 व 7), मालाखेड़ा (वार्ड 6), गोविंदगढ़ (वार्ड 6), लक्ष्मणगढ़ (वार्ड 6) तथा राजगढ़ (वार्ड 11 व 12) के लिए शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
संबंधित नगरीय निकायों के कार्यालय परिसरों में शिविर लगाए जाएंगे, जबकि नगर विकास न्यास (यूआईटी) क्षेत्र के लिए नीलामी हॉल में शिविर का आयोजन होगा।
इन ग्राम पंचायतों में होंगे ग्रामीण सेवा शिविर
इसी दिन ग्रामीण क्षेत्रों में भी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। अलवर तहसील की बेलाका एवं बख्तपुरा, गोविंदगढ़ की नसवारी, कठूमर की सालवाड़ी एवं गारू, लक्ष्मणगढ़ की नांगलखानजादी एवं कफनवाड़ा, मालाखेड़ा की बरखेड़ा, नौगांवा की रसगण, रामगढ़ की जातपुर, थानागाजी की अंगारी, टहला की टहला एवं राजौरगढ़ तथा रैणी तहसील की डेरा एवं सालोली ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


