सीढ़ी से गिरने की घटना, शटर लगाने के दौरान घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
अलवर। शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पिता जसवीर सिंह के अनुसार उनका पुत्र अमर सिंह पिछले कई दिनों से एक दुकान पर शटर लगाने का कार्य कर रहा था। रविवार सुबह वह अपने एक साथी के साथ काम पर गया था। दोपहर करीब 2 बजे 200 फीट रोड स्थित एक दुकान पर शटर फिटिंग का काम चल रहा था।
बताया गया कि अमर सिंह सीढ़ी पर चढ़कर शटर लगाने का कार्य कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। परिजनों को उसके स्वस्थ होने की उम्मीद थी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
परिजनों के अनुसार अमर सिंह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और क्षेत्र में भी शोक की लहर व्याप्त है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

