More
    Homeराजस्थानखैरथलफ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा में जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को दिए...

    फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा में जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

    बजट घोषणाओं और समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर जताई गंभीरता, समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

    खैरथल-तिजारा। जिला प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

    बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए), पीएम कुसुम योजना, लाड़ो योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, अटल ज्ञान केंद्र, मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान, पीएम विश्वकर्मा योजना, नमो ड्रोन दीदी, पशु सखी, सोलर दीदी एवं कृषि सखी सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

    लाड़ो योजना और पीएम कुसुम योजना पर विशेष फोकस

    जिला प्रभारी सचिव ने लाड़ो योजना की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ को योजना संचालन में आ रही समस्याओं और उनके समाधान संबंधी सुझावों का नोट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने द्वितीय किश्त प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को तृतीय किश्त का लाभ समय पर दिलाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं सीएमएचओ को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।

    पीएम कुसुम योजना कम्पोनेंट-बी की प्रगति बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

    जल जीवन मिशन और सुरक्षा सखी योजना पर दिए निर्देश

    बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत शेष वित्तीय क्लोजर को पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए ताकि आगामी बजट जारी होने में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

    उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा सखी योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं को घरेलू हिंसा से संबंधित अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाए तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

    बजट घोषणाओं और संपर्क पोर्टल की हुई समीक्षा

    जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बैठक में जानकारी दी कि जिले की अधिकांश बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है तथा केवल एक घोषणा में प्रक्रिया जारी है।

    जिला प्रभारी सचिव ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों के निस्तारण के दौरान आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ एवं पीएमओ स्तर के लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कर परिवादी संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने पर बल दिया।

    पेयजल और बिजली व्यवस्था को लेकर निर्देश

    गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    विद्युत विभाग को लंबित बिजली कनेक्शनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को बदलकर बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

    विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा

    बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना, पालनहार योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पीएम स्वनिधि योजना तथा सहकारी समितियों को भूमि आवंटन जैसे विषयों की भी समीक्षा की गई।

    जिला प्रभारी सचिव ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

    बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन मीणा, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here