लखनऊ हादसे के बाद कार्रवाई, फायर सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर कोचिंग 180 दिन के लिए सीज
अलवर। लखनऊ में हुए कोचिंग संस्थान हादसे के बाद अलवर प्रशासन और नगर निगम ने शहर में संचालित शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सुरक्षा मानकों की जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की टीम ने फायर सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों का पालन नहीं करने पर एक कोचिंग संस्थान को 180 दिनों के लिए सीज कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान संस्थान में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां पाई गईं तथा फायर एनओसी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके चलते नियमानुसार सीज की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित संस्थान को पूर्व में भी नोटिस जारी कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और नियमों की पालना करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन नहीं किया गया। इसके बाद निरीक्षण के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिक्षण संस्थान को सुरक्षा नियमों की अनदेखी की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी उद्देश्य से शहर में संचालित अन्य कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और व्यावसायिक भवनों की भी जांच की जा रही है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन संस्थानों के पास फायर एनओसी, आवश्यक सुरक्षा उपकरण या अन्य अनिवार्य अनुमतियां नहीं होंगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच अभियान जारी है और आवश्यकतानुसार आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


