ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान अतिक्रमण हटाया, मौके पर सुलझी वर्षों पुरानी समस्या
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत अलवर जिले के ईटोली और भूरियावास गांवों में वर्षों पुरानी रास्ते की समस्या का मौके पर समाधान किया गया। प्रशासन ने ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर आवागमन का मार्ग सुचारू कर दिया।
पंचायत समिति रैणी की ग्राम पंचायत ईटोली तथा पंचायत समिति थानागाजी के गांव भूरियावास स्थित अटल सेवा केंद्र में आयोजित शिविरों के दौरान ग्रामीणों ने रास्ते पर हुए अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
उपखंड अधिकारी रैणी के अनुसार राजस्व ग्राम ईटोली में आराजी खसरा संख्या 900 का हल्का पटवारी एवं राजस्व टीम द्वारा सीमाज्ञान किया गया। वहीं भूरियावास में प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी से अतिक्रमण हटाकर रास्ते को दोबारा चालू कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध होने के कारण लंबे समय से आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। शिविर में शिकायत दर्ज कराने के बाद तत्काल समाधान मिलने से गांववासियों में खुशी का माहौल है।
मौके पर ही समस्या का निस्तारण होने पर ग्रामीणों ने राज्य सरकार की ग्रामीण सेवा शिविर पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान संभव हो रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


