ग्रामीणों का आंदोलन 1298वें दिन पहुंचा, महापड़ाव में प्रदूषण और ब्लास्टिंग रोकने की उठी मांग
नीमकाथाना। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों की पालना नहीं होने का आरोप लगाते हुए जोधपुरा संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों का महापड़ाव रविवार को भी कोटपूतली जिला कलेक्ट्रेट पर चौथे दिन लगातार जारी रहा। समिति के अनुसार उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन रविवार को 1298वें दिन में प्रवेश कर गया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट द्वारा एनजीटी के निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं किया गया है। उनका कहना है कि आबादी क्षेत्र के समीप ब्लास्टिंग, ध्वनि प्रदूषण और धूल प्रदूषण की समस्या अब भी बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने 3 नवंबर 2025 को जारी आदेशों की पालना के लिए तीन माह का समय निर्धारित किया था। उनका दावा है कि लगभग आठ माह बीत जाने के बाद भी आदेशों का पूर्ण क्रियान्वयन नहीं हुआ है।
धरना दे रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से एनजीटी के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा प्रदूषण संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक महापड़ाव जारी रहेगा।
इस संबंध में संबंधित कंपनी अथवा प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


