अलवर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, परीक्षा माफिया पर उठाए सवाल
अलवर। युवाओं के भविष्य के साथ कथित खिलवाड़ और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में रविवार को अलवर के अशोक सर्किल पर कांग्रेस द्वारा “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा माफिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि देश में शिक्षा व्यवस्था पर परीक्षा माफिया हावी होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा विवाद के बाद अब अन्य परीक्षाओं को लेकर भी छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजित करने की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा पेपर छपाई से लेकर वितरण तक की व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों की मेहनत और समय दोनों प्रभावित होते हैं।
कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों के कारण लाखों छात्र और उनके परिवार चिंता में हैं। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे विवादों पर चिंता व्यक्त की। छात्रों ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग रखी। पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में कुछ युवाओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रति अपना राजनीतिक समर्थन भी व्यक्त किया। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, विधायक कांती प्रसाद मीणा, ललित यादव, सारिका सिंह, अशोक सैनी, योगेश मिश्रा, कमलेश सैनी, दीनबंधु शर्मा, लीली यादव, सिद्धार्थ व्यास, विनोद कुमारी सागवान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


