अलवर प्रारंभिक शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय सम्मान समारोह में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुआ सम्मान
अलवर। राजस्थान सरकार के प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह एवं प्रेरक सम्मान समारोह में आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगातार 9वीं बार भामाशाह अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अलवर और जयपुर दोनों जिलों में आयोजित जिला स्तरीय समारोहों के दौरान प्रदान किया गया।
अलवर में यह समारोह श्री ओसवाल जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तथा जयपुर में मयूर स्कूल, सीतापुरा में आयोजित हुआ। अलवर समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा दक्षिण के अध्यक्ष अशोक गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथियों में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सिटी) अम्बालाल मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी महेश मेहता, डाइट प्राचार्य ओमप्रकाश, जैन शिक्षण समिति के अध्यक्ष अशोक पालावत, सचिव जिनेश जैन तथा जितेन्द्र गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह में प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा हस्ताक्षरित सम्मान-पत्र भी प्रदान किए गए।
अलवर और जयपुर के आठ सरकारी विद्यालयों में किया उल्लेखनीय कार्य
आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि संस्था को लगातार नौवीं बार भामाशाह अवार्ड मिलना पूरे फाउंडेशन के लिए गर्व का विषय है। अलवर समारोह में उनकी ओर से मुख्य ट्रस्टी डॉ. एस.सी. मित्तल एवं ट्रस्टी गिरीश गुप्ता ने सम्मान ग्रहण किया, जबकि जयपुर में आजीवन ट्रस्टी अल्का मित्तल एवं आजीवन ट्रस्टी आरुषी मित्तल ने यह सम्मान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने अलवर जिले के पांच सरकारी विद्यालयों तथा जयपुर जिले के तीन सरकारी विद्यालयों में शिक्षा गुणवत्ता सुधार, संसाधन विकास और विद्यार्थियों के हित में विभिन्न कार्य किए हैं। इन्हीं प्रयासों के आधार पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने संस्था को यह सम्मान प्रदान किया।
नई शिक्षा नीति और डिजिटल शिक्षण पर कर रही है कार्य
आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन की आजीवन ट्रस्टी एवं वर्ष 2015-16 की नेशनल यूथ अवार्डी आरुषी मित्तल ने बताया कि संस्था के अंतर्गत संचालित अश्वत्था लर्निंग कम्युनिटीज 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षकों और विद्यार्थियों को तैयार करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था एमआईटी बोस्टन आधारित स्क्रैच एजुकेटर लैबोरेटरी के प्लेटफॉर्म के माध्यम से बच्चों को कोडिंग कौशल सिखाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके साथ ही कंप्यूटर आधारित शैक्षणिक गेम्स के माध्यम से नई शिक्षा नीति और निपुण भारत मिशन के अनुरूप विद्यार्थियों में मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान विकसित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
लगातार नौवीं बार प्राप्त यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन की सतत सामाजिक प्रतिबद्धता और नवाचार आधारित प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


