अलवर में चिकित्सक दिवस पर प्राइवेट हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम सोसाइटी की पहल, 113 अस्पतालों में बांटे पौधे और बधाई कार्ड
अलवर। चिकित्सक दिवस के अवसर पर प्राइवेट हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम सोसाइटी, अलवर ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई मुहिम की शुरुआत की। अभियान के तहत शहर के सभी 113 निजी हॉस्पिटल एवं नर्सिंग होम में तुलसी के पौधे तथा शुभकामना कार्ड वितरित कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया गया।
सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि कोर कमेटी के निर्णय के अनुसार चिकित्सक दिवस पर सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए यह अभिनव पहल की गई। उन्होंने कहा कि तुलसी का पौधा भारतीय संस्कृति में औषधीय और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
तीन टीमों ने 113 अस्पतालों तक पहुंचाया अभियान
सोसाइटी के सचिव डॉ. तैयब खान ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य को तीन टीमों में विभाजित किया गया।
पहली टीम ने अध्यक्ष डॉ. एस.सी. मित्तल के प्रतिनिधि गिरीश गुप्ता (डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेटर) के नेतृत्व में भगत सिंह चौराहे से जयपुर रोड क्षेत्र के 43 निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम में पौधे और शुभकामना कार्ड वितरित किए।
दूसरी टीम ने सचिव डॉ. तैयब खान के प्रतिनिधि कंवलजीत सिंह (एडमिनिस्ट्रेटर) के नेतृत्व में ओवरब्रिज पार एनईबी, सूर्य नगर, दाउदपुर तथा नगर रोड क्षेत्र के 31 अस्पतालों में यह अभियान चलाया।
तीसरी टीम ने कोषाध्यक्ष डॉ. चिराग सेठी के प्रतिनिधि आलोक (एडमिनिस्ट्रेटर) के नेतृत्व में भगत सिंह चौराहे से भिवाड़ी रोड क्षेत्र के 39 अस्पतालों एवं नर्सिंग होम तक पौधे और बधाई संदेश पहुंचाए।
नई पहल को मिला सकारात्मक प्रतिसाद
सोसाइटी के कोषाध्यक्ष डॉ. चिराग सेठी ने बताया कि सुबह से शुरू हुआ पौधा वितरण अभियान दोपहर तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इस नई पहल की चिकित्सकों एवं अस्पताल संचालकों ने सराहना की और सोसाइटी के पदाधिकारियों को बड़ी संख्या में बधाई संदेश प्राप्त हुए।
सोसाइटी ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनजागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


