मोबाइल टावर हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, घनी आबादी और स्कूलों के बीच निर्माण पर जताई आपत्ति
अलवर। शहर के ब्रह्मचारी मोहल्ले में प्रस्तावित मोबाइल टावर को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी नगर निगम परिसर पहुंचे और धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले 10 दिनों से वे नगर निगम और मिनी सचिवालय में लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जिस स्थान पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, उसके आसपास दो स्कूल और घनी आबादी वाला रिहायशी क्षेत्र मौजूद है। लोगों का कहना है कि टावर से निकलने वाले रेडिएशन को लेकर क्षेत्रवासियों में चिंता है और इससे बच्चों सहित आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
निरीक्षण के दौरान रुकता काम, बाद में फिर शुरू होने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब भी नगर निगम के अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचते हैं, तब निर्माण कार्य रोक दिया जाता है। लेकिन अधिकारियों के वापस लौटते ही दोबारा निर्माण शुरू कर दिया जाता है। विरोध करने पर टावर निर्माण से जुड़े लोगों के साथ विवाद और तनाव की स्थिति भी बन रही है।
10 दिन से समाधान नहीं, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
क्षेत्रवासियों ने कहा कि प्रशासन की ओर से अब तक न तो स्पष्ट जवाब दिया गया है और न ही निर्माण कार्य पर प्रभावी रोक लगाई गई है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नियमों के विरुद्ध लगाए जा रहे मोबाइल टावर को नहीं हटाया गया और जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग
धरने के दौरान लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाए। साथ ही घनी आबादी वाले क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने के मामले में सभी आवश्यक मानकों की जांच कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


