More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में जनसेवा का हुआ सम्मान, 500 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मियों का...

    अलवर में जनसेवा का हुआ सम्मान, 500 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मियों का अभिनंदन

    सेवा समर्पण समारोह में गूंजा संदेश— ‘सेवा कभी सेवानिवृत्त नहीं होती’, समाजसेवा के पुरुषार्थियों का किया सम्मान

    अलवर। श्रीमती नारायणी देवी मनोहर लाल छाबड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में महावर ऑडिटोरियम में आयोजित “पुरुषार्थी जन सेवा गौरव सम्मान एवं सेवा समर्पण सम्मान समारोह” में भारत सरकार, राजस्थान सरकार, भारतीय रेलवे, बैंकिंग सेवाओं तथा विभिन्न राजकीय उपक्रमों से सेवानिवृत्त 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

    समारोह का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों का अभिनंदन करना था, जिन्होंने अपने सेवाकाल में जनकल्याण, प्रशासनिक उत्कृष्टता, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए।

    ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मुख्य ट्रस्टी डॉ. अमित छाबड़ा ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सद्भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की उस परंपरा का सम्मान है, जो नई पीढ़ी को प्रेरणा देती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मानित विभूतियां भविष्य में भी समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।

    समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, राजस्व, इंजीनियरिंग, लेखा, मंत्रालय, बैंकिंग, पत्रकारिता तथा धार्मिक शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुरुषार्थी समाज के विभिन्न घटकों—पंजाबी, सिंधी, सिख एवं ओढ़ राजपूत समाज—की गरिमामयी सहभागिता रही। नारी शक्ति की सक्रिय उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही।

    कार्यक्रम का शुभारंभ अरूट जी महाराज एवं हिंगलाज माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि तिलकराज गांधी, आचार्य विजय सेवक, डॉ. श्रीराम मल्होत्रा, सरदार श्लोक सिंह, अर्जुन कुमार तख्तानी, जिला रसद अधिकारी विनोद जुनेजा तथा नगर निगम की राजस्व निरीक्षक निशा लखानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

    मुख्य अतिथि तिलकराज गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि पुरुषार्थी समाज ने विभाजन के बाद शरणार्थी से पुरुषार्थी और आज परमार्थी बनने तक का गौरवपूर्ण सफर अपने श्रम, संघर्ष और संस्कारों के बल पर तय किया है, जो भारतीय समाज की जीवटता का प्रेरक उदाहरण है।

    ट्रस्ट के अनुराग छाबड़ा ने कहा कि माता-पिता से मिले सेवा और संस्कार ही ऐसे आयोजनों की प्रेरणा हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट पूर्व में भी अनेक सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और भविष्य में भी समाजहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

    समारोह में दौलतराम हजरती, रमन गुलाटी, पुरुषोत्तम मनचंदा, सजनी आहूजा, सतीश भाटिया, रोशनलाल बक्शी, प्रेम गांधी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वरिष्ठ समाजसेवी चरणजीत सुनेजा, अशोक खन्ना, दीपक नागपाल एवं बालकिशन आहूजा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

    कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शिक्षाविद् दिनेश शर्मा ने किया। समारोह में सभी अतिथियों एवं सम्मानित विभूतियों का माल्यार्पण, शॉल, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र देकर अभिनंदन किया गया। आयोजन की व्यवस्थाएं जन सेवा गौरव सम्मान परिवार एवं खत्री पंजाबी समाज ने संभाली। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here