समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी ने ऐतिहासिक बावड़ी परिसर में लगाए कदंब के पौधे, ग्रामीणों को आत्मनिर्भर और हरित गांव बनाने का दिलाया संकल्प
भरतपुर। विश्व ग्रामीण विकास दिवस के अवसर पर समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी की ओर से वैर क्षेत्र के ग्राम हथौड़ी स्थित ऐतिहासिक बावड़ी परिसर में पौधारोपण एवं ग्रामीण विकास जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कदंब के पौधे लगाकर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच फतेह सिंह, समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी के स्टेट हेड पुनीत गुप्ता, अभियंता मनीष, कन्हैयालाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
सोसायटी के निदेशक सीताराम गुप्ता ने कहा कि विश्व ग्रामीण विकास दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि गांवों को जल-सुरक्षित, हरित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कदंब भारतीय संस्कृति, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक वृक्ष है। ऐतिहासिक जल संरचनाओं के आसपास ऐसे वृक्षों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों की गरिमा भी बढ़ाता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सुरक्षित जल संसाधन, हरित वातावरण और जनसहभागिता ही समृद्ध ग्रामीण विकास की मजबूत नींव है।
सरपंच फतेह सिंह एवं स्टेट हेड पुनीत गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण विकास का वास्तविक आधार जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सामुदायिक सहभागिता है। हथौड़ी की ऐतिहासिक बावड़ी क्षेत्र की समृद्ध जल परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसका संरक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कदंब जैसे छायादार एवं पर्यावरण हितैषी वृक्षों का रोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


