More
    Homeराजस्थानजयपुरफर्जी फेसबुक अकाउंट से ठगी की कोशिश, मंत्री संजय शर्मा ने जारी...

    फर्जी फेसबुक अकाउंट से ठगी की कोशिश, मंत्री संजय शर्मा ने जारी की चेतावनी

    संजय शर्मा के नाम का दुरुपयोग कर साइबर जाल बिछाया, लोगों से सतर्क रहने और फर्जी फेसबुक अकाउंट रिपोर्ट करने की अपील

    जयपुर। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर साइबर ठगों ने फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना लिया है। इस फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से लोगों को मैसेज भेजकर निवेश योजनाओं, विभिन्न ग्रुपों और अधिक पैसा कमाने के झूठे प्रलोभन दिए जा रहे हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद मंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।

    मंत्री संजय शर्मा ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर उनके नाम और फोटो का उपयोग कर एक फर्जी फेसबुक अकाउंट संचालित किया जा रहा है। इस अकाउंट से लोगों को संदेश भेजकर विभिन्न निवेश योजनाओं और ऑनलाइन ग्रुपों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फर्जी अकाउंट का उनसे किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी संदेश, लिंक, निवेश योजना अथवा पैसे कमाने के प्रस्ताव पर विश्वास न करें और अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचें।

    फर्जी प्रोफाइल को करें Report और Block

    मंत्री ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से आग्रह किया कि यदि उनके नाम से संचालित कोई संदिग्ध या फर्जी अकाउंट दिखाई दे तो उसे तुरंत Report और Block करें, ताकि साइबर ठगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो सके और अन्य लोग ठगी का शिकार होने से बच सकें।

    उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को धोखा देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है। उन्होंने आमजन से केवल उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की।

    मंत्री संजय शर्मा ने अपने संदेश में कहा, “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें।”

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here