राजगढ़ में शहरी सेवा शिविर बना राहत का माध्यम, उदय सिंह गुर्जर को मिला भूमि स्वामित्व का अधिकार
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत और सुविधा का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों के वर्षों से लंबित कार्यों का मौके पर ही निस्तारण हो रहा है और राज्य सरकार की अन्त्योदय की परिकल्पना साकार होती नजर आ रही है।
इसी क्रम में नगर पालिका राजगढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर में राजगढ़ निवासी उदय सिंह गुर्जर को उनके मकान का पट्टा प्रदान किया गया। भूमि का स्वामित्व प्रमाण पत्र मिलने पर उनके चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।
उदय सिंह गुर्जर ने बताया कि मकान का पट्टा नहीं होने के कारण उन्हें बैंक ऋण सहित कई सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने पूर्व में पट्टा प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्रक्रिया लंबित थी।
उन्होंने बताया कि जैसे ही नगर पालिका में शहरी सेवा शिविर आयोजित होने की जानकारी मिली, वे तत्काल शिविर में पहुंचे। वहां मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मौके पर ही मकान का पट्टा उपलब्ध करा दिया।
पट्टा मिलने के बाद उदय सिंह गुर्जर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी भूमि का वैध स्वामित्व प्राप्त हो गया है, जिससे भविष्य में ऋण सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन का कहना है कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


