किशनगढ़बास में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण, जर्जर कक्षों, भोजन व्यवस्था और छात्रावास की कमियों पर दिए सुधार के निर्देश
किशनगढ़बास (अलवर)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के निर्देश पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने किशनगढ़बास के बास कृपाल नगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में भोजन, छात्रावास और शैक्षणिक व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय विद्यालय की मुख्य वार्डन और प्रधानाध्यापिका मौके पर अनुपस्थित मिलीं। बाद में उन्हें विद्यालय बुलाया गया। इस पर सचिव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की हिदायत दी। विद्यालय स्टाफ ने बताया कि अन्य छात्रावासों की छात्राओं को यहां स्थानांतरित किए जाने के कारण व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
सचिव अजीत कुड़ी ने भोजनालय, रसोईघर, छात्रावास, शयनकक्ष, कक्षा-कक्ष तथा पेयजल व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं जांची, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि छात्राओं और स्टाफ के लिए अलग-अलग भोजन तैयार किया जा रहा था तथा निर्धारित मेन्यू का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इस पर उन्होंने रसोई की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में कई कमरों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्राओं के रहने की बात सामने आई। कमरों में गर्मी और असुविधा का माहौल था तथा कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव पाया गया। इसके अलावा कुछ कक्षा-कक्ष और भवन जर्जर स्थिति में मिले, जहां छात्राएं अध्ययन कर रही थीं।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि जर्जर भवनों की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को मौखिक रूप से दी जा चुकी है। इस पर सचिव ने निर्देश दिए कि जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल लिखित सूचना भेजी जाए ताकि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र हो सके।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने छात्राओं से संवाद कर शिक्षा, आवास, भोजन, खेलकूद एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को उनके मौलिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
सचिव ने स्टाफ की उपस्थिति पंजिका, भंडार गृह के स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विद्यालय परिसर में प्राथमिक उपचार किट एवं आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कनिष्ठ सहायक पुनीत शर्मा एवं पीएलवी सूरज कछवाहा भी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


