भूगोर निवासी छात्र तुषार कुमार का शव फार्म हाउस के पास बरामद, कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस की जांच तेज
अलवर। सदर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दो दिन से लापता भूगोर निवासी तुषार कुमार का शव गुरुवार को नीवाड़ी और नोगांव के बीच एक फार्म हाउस के पास बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, छात्र का शव अलवर शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर एक फार्म हाउस की दीवार के समीप मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि तुषार 14 जुलाई को अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने छात्र की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तुषार आखिरी बार अपने कुछ दोस्तों के संपर्क में था। पुलिस ने उन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिन पर परिजनों ने भी संदेह जताया है।
प्रारंभिक जांच में छात्र के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को फार्म हाउस के पास फेंका गया। हालांकि, हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
तुषार अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


