माधोगढ़ और केरवा जाट में लाखों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, जनसभा में सरकार की नीतियों पर भी साधा निशाना
अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने सोमवार को अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के माधोगढ़ और केरवा जाट गांव में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में टीकाराम जूली के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और स्वागत गीतों के साथ उनका अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
टीकाराम जूली ने कहा कि अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रहा है। उन्होंने दावा किया कि सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। उनके अनुसार विकास का वास्तविक मूल्यांकन जनता के जीवन में आए बदलाव से होना चाहिए।
ग्रामीणों ने जताया आभार
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से आमजन को लाभ मिल रहा है और विकास कार्यों में तेजी आई है।
भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं में कटौती की गई या उन्हें बंद कर दिया गया।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना, राजीव गांधी युवा मित्र योजना और इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आमजन, युवाओं और महिलाओं को लाभ मिल रहा था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन्हें बंद या सीमित कर दिया।
इन विकास कार्यों का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान माधोगढ़ क्षेत्र में मुख्य सड़क से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुशालगढ़ तक सीसी एवं इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, खैराती की ढाणी में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, इन्दोक क्षेत्र में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा केरवा जाट के घामड़िया मोहल्ले में बोरिंग से जुड़े विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।
चयनित कर्मचारियों का किया सम्मान
इस अवसर पर टीकाराम जूली ने केरवा जाट गांव के सरकारी सेवाओं में चयनित कर्मचारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सीताराम सैनी, रामप्रताप मीणा, रामप्रताप गुर्जर, पेमाराम सैनी, हिम्मत चौधरी, जलाराम जाटव, ओमप्रकाश गोलियां, जफरु खान, उमरद्दीन खान, रोहताश चौधरी, जमशेद खान, डॉ. गौरव यादव, राहुल पटेल, धारा सिंह, इलियास खान, रामेश्वर चौधरी, छोटेलाल रामकरण, बोदन लाल मीणा, कैलाश मीणा, रूप सिंह केरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


