जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर
अलवर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत आयोजित मुख्य शिविरों के बाद जिले में 21 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक फॉलो-अप शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण करना तथा पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आपसी समन्वय के साथ फॉलो-अप शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में मुख्य ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, वहां निर्धारित अवधि के भीतर फॉलो-अप शिविर लगाकर लंबित मामलों का समाधान किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के दौरान प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उनका क्रियान्वयन किया जाए। साथ ही आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से रास्तों, अतिक्रमण तथा अन्य लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों से शिविरों को सफल बनाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिकतम लाभ मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

