More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रCJP आंदोलन के बाद मुंबई पुलिस सख्त, 900 से अधिक लोगों के...

    CJP आंदोलन के बाद मुंबई पुलिस सख्त, 900 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज

    मुंबई: मुंबई में CJP के आंदोलन को लेकर मुंबई पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए शहर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में कुल 8 मामले दर्ज किए हैं। आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने और बिना अनुमति प्रदर्शन आयोजित करने के आरोप में पुलिस ने 900 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस प्रशासन द्वारा शहर भर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह सख्त कानूनी कदम उठाया गया है।

    शिवाजी पार्क और दादर सहित विभिन्न थानों में दर्ज हुए मुकदमे

    मुंबई पुलिस के अनुसार सबसे ज्यादा कार्रवाई शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में देखने को मिली है, जहां 600 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा माहिम में 100 से ज्यादा, दादर में 70 से अधिक और सायन थाने में 40 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज हुआ है। साथ ही वरली, कालाचौकी, भोईवाड़ा और वडाला टीटी पुलिस स्टेशनों में भी दर्जनों प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

    चैत्यभूमि प्रदर्शन मामले में बिना अनुमति जमावड़े पर एक्शन

    दादर स्थित चैत्यभूमि पर हुए प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने 3 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं, जिनमें 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को नामजद किया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस प्रदर्शन के लिए प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद नियम तोड़ने के कारण पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और संबंधित पुलिस थानों में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

    हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी, बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

    प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया है और जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किए हैं। बिना इजाजत धारा 144 और जमावबंदी के उल्लंघन के तहत महिम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here