महिला सुरक्षा और साइबर अपराध विषय पर विद्यार्थियों को किया जागरूक, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का किया आह्वान
थानागाजी। राजकीय महाविद्यालय थानागाजी में महिला सुरक्षा एवं सहायता केंद्र, महिला अधिकारिता विभाग तथा पुलिस थाना थानागाजी के संयुक्त तत्वावधान में “साइबर अपराध” विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. पदम चंद मौर्य ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीक जितनी सुविधाजनक है, उतनी ही जिम्मेदारी भी साथ लेकर आती है। उन्होंने विद्यार्थियों से सतर्कता, सही जानकारी और विवेकपूर्ण व्यवहार अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
सोशल काउंसलर निशा गुर्जर ने साइबर ठगी के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय तथा सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर बिना जांच-परख के विश्वास नहीं करने की अपील की।
लीगल काउंसलर प्रियंका शर्मा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों, उपलब्ध सहायता सेवाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों की जानकारी और समय पर कानूनी सहायता लेने से अनेक अपराधों की रोकथाम संभव है।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. सुन्दर बसवाल ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. अशोक खटीक, प्रो. पाण्डु राम बंजारा, प्रो. सुनीता गुर्जर, प्रो. मनीषा, प्रो. निशा गुर्जर, प्रो. राकेश शर्मा, प्रो. कुलवीर, प्रो. दीपक सहित अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


