अवैध बजरी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने पीछा कर चालक को दबोचा; दस्तावेज नहीं मिलने पर मामला दर्ज
अलवर। अरावली विहार थाना पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150 मन बजरी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बजरी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि 21 जुलाई को पुलिस टीम गश्त एवं अवैध खनन की रोकथाम के दौरान भवानी तोप क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गिन्ना बाबा के खेत की ओर से एक ट्रैक्टर बजरी भरकर प्रताप ऑडिटोरियम की तरफ जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रॉली में करीब 150 मन बजरी भरी मिली।
पुलिस पूछताछ में चालक की पहचान मुबारिक पुत्र दीन मोहम्मद, निवासी लिवारी, थाना सदर, अलवर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा बजरी परिवहन से संबंधित रवन्ना, टीपी अथवा अन्य वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित बजरी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एमएमडीआर अधिनियम की धारा 4/21, एमएमसीआर नियमों की धारा 54/60 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


