More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रआधी रात मुंबई में दो जगह आग से हड़कंप, सिलेंडर विस्फोट में...

    आधी रात मुंबई में दो जगह आग से हड़कंप, सिलेंडर विस्फोट में चार लोग झुलसे

    मुंबई। आर्थिक राजधानी मुंबई में शनिवार देर रात दो अलग-अलग इलाकों में भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आईं। पहली घटना धारावी के राजीव गांधी नगर में घटी, जहां एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण हुए धमाके में एक ही परिवार के सदस्यों समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं दूसरी घटना ग्रांट रोड स्थित लैमिंगटन रोड की है, जहां एक मोबाइल दुकान सह गोदाम में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि दूसरी घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

    धारावी में सिलेंडर रिसाव से हादसा, चार घायल

    सायन-धारावी लिंक रोड पर स्थित एक तीन मंजिला मकान में आधी रात को एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा, जिसके बाद अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।

    इस हादसे में पूनम जायसवाल (30), रोहन गुप्ता (5), रुद्र गुप्ता (4) और पार्वती गांधारी (19) झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत पास के सायन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन दल और 'बेस्ट' के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

    लैमिंगटन रोड पर मोबाइल गोदाम खाक

    दूसरी घटना ग्रांट रोड के प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट लैमिंगटन रोड पर रात करीब 11:30 बजे घटी। यहां स्थित सरस्वती भवन की एक मोबाइल दुकान में अचानक आग लग गई, जिसे गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद आग को बुझाया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग दोनों हादसों के कारणों की जांच कर रहे हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here