More
    Homeराज्यबिहारआरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस की तीन बोगियां बेपटरी

    आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस की तीन बोगियां बेपटरी

    आरा। बिहार के आरा जंक्शन पर एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। सोमवार सुबह अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली जाने वाली 15483 महानंदा एक्सप्रेस की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यह घटना सुबह करीब सवा चार बजे उस वक्त हुई, जब ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर दो से पं. दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते दिल्ली की ओर रवाना होने के तुरंत बाद बेपटरी हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन अप लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।
    रेलवे अधिकारियों के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस के इंजन के साथ ही एसएलआर (सीटिंग कम लगेज रेक) और एच-1 कोच पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह समस्या सिग्नल प्रणाली में गड़बड़ी के कारण हुई मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रेन का सिग्नल गलती से सासाराम लाइन की ओर चला गया, जिसके चलते यह घटना हुई। घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टाफ और ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया और वे दहशत में आ गए। उहादसे की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पटरी से उतरे तीनों कोच को सफलतापूर्वक दोबारा ट्रैक पर चढ़ा दिया गया है। हालांकि, अप लाइन पर ट्रेन परिचालन अभी तक सामान्य नहीं हो सका है। रेलवे की तकनीकी टीम अब सिग्नल सिस्टम और ट्रैक की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सिग्नल सासाराम लाइन की ओर क्यों गया और ट्रेन गलत दिशा में कैसे चली गई। इस घटना के कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, और रेलवे यातायात को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यवधान को जल्द से जल्द दूर करने पर जोर दिया जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here