सूचना मिलते ही गठित हुई विशेष टीम, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाकर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
अलवर। जिले के एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में अलवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सूचना मिलने के करीब 30 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर तत्काल कार्रवाई शुरू की, जिसके चलते आरोपी फरार होने से पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वृद्ध महिला अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान गांव के दो युवक कथित रूप से जबरन कमरे में घुस आए। आरोप है कि एक युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरे ने उसका सहयोग किया।
घटना के दौरान महिला के शोर मचाने पर उसका बेटा जाग गया। बेटे को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने करीब 15 मिनट में आरोपियों का पता लगाकर पूछताछ की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई लगभग 30 मिनट में पूरी कर ली गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कराया तथा मोबाइल फोरेंसिक टीम की सहायता से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध के मामलों में अलवर पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


