श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल के आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, सेवा और समर्पण का दिया संदेश
किशनगढ़बास। सामाजिक सेवा और धार्मिक आस्था का अनुपम संगम सोमवार को किशनगढ़बास की अनाज मंडी परिसर में देखने को मिला। श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल, खैरथल के तत्वावधान में बाबा अमरनाथ के दर्शन कर लौटे शिवभक्तों ने श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
अमरनाथ यात्रा से लौटे अनाज व्यापारी मांगीलाल गुप्ता सहित यात्रियों ने बताया कि श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल, खैरथल के तत्वावधान में खैरथल, किशनगढ़बास एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। 12 जुलाई को कुल 520 श्रद्धालुओं का जत्था बस एवं ट्रेन से यात्रा पर निकला, जिसमें 170 श्रद्धालु तीन बसों से तथा 350 महिला-पुरुष श्रद्धालु ट्रेन से रवाना हुए।
सेवा मंडल के योगेश डाटा एवं मोहन खंडेलवाल ने बताया कि हर वर्ष अमरनाथ धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों के लिए सेवा मंडल की ओर से भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही साधु-संतों को सम्मान स्वरूप आवश्यक सामग्री भी भेंट की जाती है। उन्होंने बताया कि इस पूरे आयोजन की तैयारियां लगभग छह माह पहले शुरू हो जाती हैं, जिसमें यात्रियों का पंजीकरण, सहयोग राशि एकत्रित करना तथा भंडारे की सामग्री की व्यवस्था शामिल रहती है।
करीब 20 वर्षों से अमरनाथ भंडारे में सेवा दे रहे हेमंत गुप्ता ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं ने सकुशल बाबा बर्फानी के दर्शन कर 19 जुलाई को यात्रा पूर्ण की। यात्रा की सफलता और भगवान शिव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से किशनगढ़बास में इस विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
अनाज मंडी परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं, व्यापारियों, आम नागरिकों और राहगीरों का प्रसाद ग्रहण करने के लिए तांता लगा रहा। भंडारे में श्रद्धालुओं को आलू-टमाटर की सब्जी, काले चने, मिर्ची की सब्जी, पूरी तथा मीठे में बूंदी का प्रसाद प्रेम और सेवा भाव से वितरित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, परोपकार और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है। यात्रा से लौटने के बाद भंडारा आयोजित करना इसी सेवा परंपरा का हिस्सा है।
इस अवसर पर योगेश डाटा, मोहन खंडेलवाल, हेमंत गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, रामावतार कचेरा, गजेंद्र रोहिल्ला, प्रताप सिंह, प्रेम सोनी, संजय खंडेलवाल, मांगीलाल गुप्ता, विक्की गोयल, महेश सैनी, रूपसिंह यादव, हीरालाल यादव, रूपेश गुप्ता सहित सेवा समिति के सदस्य, व्यापारी वर्ग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


